तरबूज के पौधे

कभी सोचा है?
कहाँ से आ जाता है तरबूज में
पानी, बीज, मिठास?
कैसे एक बीज से बन जाता है पौधा;
कैसे लग जाते हैं पौधे में फल?
कैसे आ जाते हैं फल के अंदर बीज?
बचपन में सुना था,
अगर ये बीज पेट में चला जाए
तो पेट में उग आएगा तरबूज का पौधा,
रोशनी की तलाश में जिसकी लताएँ
निकलेंगी हमारे कान और नाक के रास्ते!
इसी डर से मैंने कभी तरबूज के बीज नहीं निगले;
बल्कि थूक दिए ज़मीन पर,
जहाँ उग आए तरबूज के पौधे!
ज़रा सोचो!
कैसे उग आए बीज से पौधे?

~ सुप्रिया दुबे

(23/5/2020)